
आज खरना, कल डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, 36 घंटे के निर्जला व्रत की होगी शुरुआत
बिलासपुर। छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को तोरवा स्थित छठ घाट भक्ति, आस्था और दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार और गंगा आरती की तर्ज पर हुई मां अरपा की भव्य महाआरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समिति की ओर से घाट पर सजाए गए 5100 दीपों से अरपा का आंचल रोशन हो उठा। वहीं, महाआरती के बाद पहली बार आयोजित शानदार फायर शो आकर्षण का केंद्र रहा। आतिशबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर जुटे और आयोजन की सराहना की।
शाम 4 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। किसी के हाथों में पूजा की थाली थी तो कोई दीपदान के लिए दीप लेकर पहुंचा था। देखते ही देखते पूरा घाट श्रद्धालुओं से भर गया। शाम पौने 5 बजे महाआरती की तैयारियां पूरी हुईं। ब्रह्म बाबा आश्रम के महंत श्री श्री 1008 त्यागी प्रेम दास महाराज के सानिध्य में छठ पूजा समिति ने आयोजन किया। धर्म सेना महाआरती ग्रुप के पं. मानस मिश्रा, पं. रविन्द्र पाठक, पं. आयुष शर्मा, पं. अक्षत शर्मा, पं. राजा द्विवेदी और पं. सुशांत दुबे ने विधि-विधान से स्थल पूजन कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
मां अरपा के जयकारों के बीच पांच पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की। आरती की थालियों से निकलती रोशनी और नदी में प्रवाहित किए गए हजारों दीपों का दृश्य बेहद मनोहारी रहा। घाट पर मौजूद श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। महाआरती के बाद आयोजित फायर शो ने उत्सव में नया आकर्षण जोड़ दिया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और देर तक घाट पर उत्सव का माहौल बना रहा।
अरपा की स्वच्छता और संरक्षण का दिया संदेश
महाआरती में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सभापति विनोद सोनी, कांग्रेस नेता विजय केसरवानी, राजेंद्र शुक्ला और प्रमोद नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समिति के संरक्षक एसपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि माताएं अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि के लिए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। उन्होंने भव्य छठ घाट के निर्माण में विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के योगदान की सराहना की। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने मां अरपा को बिलासपुर की जीवनदायिनी बताते हुए इसके संरक्षण और स्वच्छता को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजन सामग्री नदी में सीधे प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही विसर्जित करें। छठ प्रकृति और सूर्य उपासना का पर्व है, इसलिए नदी की स्वच्छता बनाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
पटना, दिल्ली और मुंबई के साथ राष्ट्रीय पहचान बना रहा बिलासपुर
छठ पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र दास ने कहा कि बिलासपुर का छठ घाट राष्ट्रीय ही नहीं, एशिया स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। छठ महापर्व के दौरान पटना, दिल्ली और मुंबई के साथ बिलासपुर का भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारण होता है। इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कम से कम 2000 वाहनों की अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मां अरपा की आरती के साथ छठ महापर्व की शुरुआत करने के पीछे नदी के संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी छिपा है।
नहाय-खाय में लौकी की सब्जी और चने की दाल का प्रसाद
छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने शुद्धता और सात्विकता का संकल्प लिया। सुबह से ही घरों में पारंपरिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने स्नान के बाद आम की लकड़ी से बने चूल्हे पर चावल, लौकी की सब्जी और चने की दाल तैयार की। छठी मैया को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। घरों में छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और पर्व की रौनक दिखाई दी।
इस अवसर पर शांता फाउंडेशन की ओर से छठ महापर्व की आकर्षक रंगोली बनाई गई और 251 दीप प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। वहीं, छठ घाट पर रावत नाच दल की प्रस्तुति ने भी लोगों का मन मोह लिया।
आज खरना, कल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। व्रती महिलाएं मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ और दूध से खीर तथा रोटी तैयार करेंगी। छठी मैया को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की आराधना करेंगी। इसके लिए तोरवा छठ घाट पूरी तरह तैयार है। घाट पर पूजा सामग्री की दुकानों और छोटे मेले के कारण उत्सवी माहौल भी दिखाई देने लगा है। इसके बाद सोमवार 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।