बिलासपुर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। जिले में करीब एक महीने पहले 9 संस्थानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच में फेल हो गए हैं। इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के नमूने भी शामिल हैं। इसके अलावा पनीर, दही, अंडा करी, चना और पोहा के नमूने भी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, इन नमूनों की जांच रायपुर स्थित प्रयोगशाला में कराई गई थी।
जांच में नेशनल डेयरी और अलीमेंटो कैफे से लिए गए पनीर के नमूनों के साथ अलकार्ट से लिए गए पनीर और दही के नमूने भी फेल हुए हैं। गरिमा फैमिली ढाबा से लिया गया अंडा करी का नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरा। रिलायंस रिटेल, भाटापारा से लिए गए चना और लाल किला पोहा के नमूने भी जांच में फेल पाए गए। अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेस तथा सेलेस्टी रेस्टोरेंट से लिए गए पनीर के नमूनों में भी निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता नहीं मिली।
घी के नमूनों में गोवर्धन ब्रांड का घी शौर्य सुपर मार्ट से, अमूल ब्रांड का घी संबंधित प्रतिष्ठान से तथा वचन ब्रांड का घी अपना मार्ट, देवरीखुर्द से लिया गया था। इन नमूनों के फेल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, नमूनों के फेल होने के विशिष्ट कारण और जांच रिपोर्ट में दर्ज कमियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
दीपावली से पहले मिठाई दुकानों की जांच शुरू
त्योहार के दौरान मिलावट और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर नियंत्रण के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिठाई दुकानों की जांच तेज कर दी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने शहर के 3 प्रतिष्ठानों से खोवा, कुंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग की टीम ने बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा का नमूना लिया। जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा और बेसन लड्डू के नमूने लिए गए, जबकि बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना एकत्र किया गया। कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल और प्रतीक तिवारी शामिल रहे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि करीब एक महीने पहले 9 संस्थानों से घी, पनीर, दही, पोहा, चना और अंडा करी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। प्रयोगशाला जांच में सभी नमूने फेल पाए गए हैं। दीपावली को देखते हुए मिठाई दुकानों में भी जांच शुरू कर दी गई है। नए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।