बिलासपुर। दीपावली का त्योहार अभी आया भी नहीं है और शहर की सड़कें जाम से बेहाल होने लगी हैं। शहरी क्षेत्र के साथ आउटर की सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ने से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। बुधवार शाम तोरवा क्षेत्र के पुराना पावर हाउस चौक के पास हालात ऐसे बिगड़े कि वाहनों की लंबी कतार लग गई। गुरु नानक चौक के पहले से लेकर देवरी खुर्द चौक तक लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सबसे चिंताजनक स्थिति यह रही कि जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गईं, लेकिन यातायात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर न तो यातायात पुलिस नजर आई और न ही सामान्य पुलिस की व्यवस्था थी।

पुराना पावर हाउस चौक के आसपास जाम की समस्या नई नहीं है। कुछ साल पहले यहां सड़क किनारे संचालित मछली और चिकन की दुकानों को इस उम्मीद में हटाया गया था कि सड़क चौड़ी होगी और यातायात सुगम बनेगा। शुरुआत में इसका असर भी दिखाई दिया, लेकिन धीरे-धीरे हटाई गई दुकानों की जगह दूसरे दुकानदारों ने कब्जा जमा लिया। पहले मछली विक्रेता सड़क किनारे दीवार से सटकर दुकान लगाते थे, लेकिन अब ठेले और अस्थायी दुकानें सड़क तक पहुंच गई हैं। दीपावली के मद्देनजर दोनों तरफ अस्थायी दुकानें और बढ़ गई हैं। पहले से अतिक्रमण की चपेट में रही सड़क अब और संकरी हो गई है।

सड़क निर्माण ने बिगाड़े हालात

जाम की दूसरी बड़ी वजह सड़क निर्माण भी है। लाल खदान ओवरब्रिज से पुराना पावर हाउस चौक की ओर आने वाली जर्जर सड़क के एक हिस्से में डामरीकरण का काम शुरू किया गया है। निर्माण के चलते सड़क का एक हिस्सा बंद होने से आवागमन एकांगी हो गया है। शाम के समय जब दफ्तरों से लौटने वाले लोगों और अन्य वाहनों का दबाव बढ़ा तो सड़क पर वाहनों की कतार लगती चली गई। गुरु नानक चौक से देवरी खुर्द तक वाहन रेंगते रहे और देखते ही देखते पूरा मार्ग जाम की चपेट में आ गया।

न अतिक्रमण पर कार्रवाई, न यातायात संभालने की व्यवस्था

इस क्षेत्र में सड़क के दोनों किनारों पर लंबे समय से ठेले और अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। दीपावली के बाजार ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। दूसरी ओर, सड़क निर्माण के दौरान यातायात का दबाव नियंत्रित करने के लिए भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नजर नहीं आ रही। पुलिस की अनुपस्थिति में वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार रास्ता निकालने की कोशिश करते रहे। इससे अव्यवस्था बढ़ी और कई जगह वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी।

अभी कई दिन और झेलना पड़ सकता है जाम

यह स्थिति आने वाले दिनों की मुश्किलों का संकेत भर है। सड़क निर्माण का काम अभी कई दिनों तक चलना है। वहीं दीपावली नजदीक आने के साथ बाजार और सड़कों पर वाहनों की संख्या भी बढ़ेगी। ऐसे में पुराना पावर हाउस चौक से देवरी खुर्द तक हर शाम जाम लगने की आशंका है। सवाल यह है कि जब अभी से एंबुलेंस तक जाम में फंस रही हैं तो त्योहार के दिनों में हालात कैसे संभलेंगे? प्रशासन और यातायात पुलिस को तत्काल अतिक्रमण हटाने, निर्माण स्थल पर यातायात कर्मियों की तैनाती और वैकल्पिक मार्ग तय करने की जरूरत है। समय रहते ठोस रोडमैप नहीं बनाया गया तो दीपावली के दौरान इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।