अर्पण कार्यक्रम में गुम हुए मोबाइल पाकर खिले चेहरे, 2026 में अब तक 1500 मोबाइल बरामद कर बिलासपुर पुलिस प्रदेश में अव्वल

बिलासपुर। दीपावली के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने 150 लोगों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से प्रतीक्षा थी। गुम हुए मोबाइल वापस मिलने से किसी बहन को रक्षाबंधन पर भाई से मिला उपहार वापस मिल गया तो किसी परिवार की भावनात्मक यादें लौट आईं। किसी बेटी की पहली कमाई से मां को दिया गया मोबाइल वापस मिला। चेतना अभियान के तहत गुरुवार को आयोजित अर्पण कार्यक्रम में पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये कीमत के 150 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चेतना सभागार में आयोजित कार्यक्रम का ध्येय वाक्य 'आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास' रखा गया था। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। इनमें एक महिला का मोबाइल भी शामिल था, जिसे उसके भाई ने रक्षाबंधन पर उपहार में दिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला का गुम हुआ फोन भी बरामद कर उसे लौटाया गया। वहीं, एक बेटी ने अपनी पहली कमाई से मां को मोबाइल उपहार में दिया था, जो एक महीने के भीतर ही गुम हो गया था। फोन वापस मिलने पर पूरा परिवार भावुक हो उठा।

मोबाइल पाने वालों में परीक्षा के दौरान फोन गंवा चुकी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की एक प्रैक्टिसिंग अधिवक्ता और एक बुजुर्ग दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल रहे। सभी ने मोबाइल वापस मिलने पर पुलिस के प्रति आभार जताया।

1500 मोबाइल बरामद, प्रदेश में पहला स्थान

मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए ACCU की टीम ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों तक तलाश अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं ACCU मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने 150 मोबाइल बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक करीब 1500 गुम मोबाइल खोजकर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। मोबाइल रिकवरी के मामले में बिलासपुर पुलिस प्रदेश में पहले स्थान पर बनी हुई है।

साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

कार्यक्रम के दौरान ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी और उनकी टीम ने उपस्थित लोगों को साइबर फ्रॉड के नए तरीकों की जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार के 'संचार साथी' ऐप के उपयोग और उसकी सुविधाओं के बारे में बताया गया। लोगों को मोबाइल और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं ACCU मधुलिका सिंह, डीएसपी क्राइम एवं ACCU सुदीप सरकार और ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।