ऑपरेटर की करंट से मौत के बाद कुरेली में हुई थी घटना, गिरफ्तारी नहीं होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया थाने का घेराव; सभी आरोपी जेल भेजे गए

बिलासपुर। बिजली विभाग के डिवीजनल इंजीनियर (डीई) से मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार को हिर्री थाने का घेराव कर दिया। करीब 4.30 घंटे तक बिजली विभाग के अधिकारी थाने के बाहर डटे रहे। दोपहर 12:30 बजे से शाम 5 बजे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मारपीट के आरोप में कुरेली गांव के 7 युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी के न्यायालय में पेश किया। इसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया।

घटना कुरेली सब-स्टेशन में पदस्थ ऑपरेटर अमन साहू की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से हुई मौत के बाद की है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध जताया था। इसी दौरान कुछ लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, माहौल बिगाड़ने और बिजली विभाग के संभाग-2 के डिवीजनल इंजीनियर मिलिंद पांडेय के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना के बाद डीई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था, लेकिन 36 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से विभागीय अधिकारी और कर्मचारी नाराज थे।

सोमवार को बड़ी संख्या में बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हिर्री थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। पुलिस पहले आरोपियों को फरार बता रही थी, लेकिन कर्मचारियों के प्रदर्शन और दबाव के बाद कुछ ही घंटों में 7 युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में कुरेली निवासी दीपक कौशिक (27), शुभम कौशिक (27), सत्यम कौशिक (30), उमाशंकर कौशिक (28), आयुष कौशिक (24), ओमप्रकाश कौशिक (32) और ललित कुमार कौशिक (24) शामिल हैं।

अधीक्षण यंत्री समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

प्रदर्शन में बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े, कार्यपालन यंत्री अनुपम सरकार, एसके जायसवाल, बीबी नेताम, एसके चंद्रा, पीवीएस राजकुमार, डीई मिलिंद पांडेय, गणेश राम जायसवाल, सीपी गढ़वाल, शिखा सिंह, बीबी जायसवाल, माधुरी पटेल, चंद्रेश पाटकर, दिप्तेन मुखर्जी, चित्रांगना राही, हेमलता प्रधान, प्रवीन कौशिक, के. जायसवाल, संचारी सिंह, यामिनी सिंह, संजय तिवारी, मनीष क्षत्रिय, श्रीकांत सिंह ठाकुर, वीरेंद्र, रविशंकर कौशिक, रामायण सूर्यवंशी और तीरथ राठौर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

वीडियो फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान

डीई से मारपीट के मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की भी पहचान कर रही है। हिर्री थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा के मुताबिक, घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और डीई के साथ हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर रही है। ऐसे में मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।