बिलासपुर। मोटर साइकिल चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की एक्टिवा बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा क्रमांक सीजी १० वाई ६८८४ जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार सदर बाजार निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने १० सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने ९ सितंबर की रात अपनी एक्टिवा घर के सामने लॉक करके खड़ी की थी। सुबह करीब साढ़े ९ बजे वाहन गायब मिला। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक ५१३/२०२६, धारा ३०३ (२) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए वाहन की तलाश कर रही थी। इसी दौरान शनिचरी रपटा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान रितिक यादव (२४), निवासी रामायण चौक चांटीडीह को संदिग्ध एक्टिवा चलाते हुए पकड़ा गया। वाहन का नंबर खुरचा हुआ था। पुलिस ने सशक्त ऐप के माध्यम से जांच की तो एक्टिवा सिटी कोतवाली में दर्ज चोरी के प्रकरण की निकली।

पूछताछ में आरोपी ने ९ सितंबर की रात सदर बाजार से एक्टिवा चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को उसके कब्जे से जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर की गई।