बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम चोरभट्ठी में गांजा बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए है, और बिक्री की 270 रुपए नकद रकम बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए थे।

5 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चोरभट्ठी में एक महिला काले रंग की पॉलीथिन में गांजा रखकर नशा करने वाले लोगों को बेच रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने बिजली ऑफिस मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा।

पूछताछ में महिला की पहचान उम्मद बी (40), पति आसमी खान, निवासी ग्राम चोरभट्ठी, थाना सकरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 310 ग्राम गांजा और 270 रुपए नकद बरामद कर जब्त किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपए बताई गई है।

मामले में सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 820/2026, धारा 20(ए), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।