त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
बिलासपुर। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को शहर के चार प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने जरहाभाठा स्थित बंगाल स्वीट्स, साई सुपर मार्केट, तारबाहर के नटराज स्वीट्स और भईयाजी स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जिला अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन के निर्देशन में टीम ने सबसे पहले जरहाभाठा स्थित बंगाल स्वीट्स की जांच की। यहां से बेसन और बूंदी लड्डू के नमूने लिए गए। इसके बाद साई सुपर मार्केट में खुले में बेची जा रही शक्कर और इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन के नमूने संकलित किए गए। टीम ने तारबाहर स्थित नटराज स्वीट्स और भईयाजी स्वीट्स का भी निरीक्षण कर मिठाइयों के नमूने लिए।
विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में मिलावट, गुणवत्ता में कमी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।