बिलासपुर। देवनंदन नगर फेस-2 में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने एक नाबालिग बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार देवनंदन नगर फेस-2 निवासी श्याम बिहारी गुप्ता ने 9 सितंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे परिवार के लोग मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे उठने पर कमरे और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर छत पर जाने वाले दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और छह हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया था।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1285/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने संदेही की पतासाजी की। पूछताछ में नाबालिग बालक ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का करीब 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, भूनेश्वरी मरावी, आरक्षक संजीव जांगड़े, आफाक खान और विवेक राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।