बिलासपुर। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक के कब्जे से 60 नग देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.800 लीटर और कीमत करीब 5,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस द्वारा ग्रामीणों से संपर्क कर अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान 24 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 9, बिल्हा में एक व्यक्ति के घर में बड़ी मात्रा में शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी ने सिविल टीम गठित कर मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने बताए गए पते पर पहुंचकर जांच की, जहां एक अपचारी बालक मिला।
घर की तलाशी लेने पर सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में 30 नग देशी प्लेन शराब और 30 नग देशी मसाला शराब, कुल 60 नग बरामद हुए। इनकी कुल मात्रा 10.800 लीटर और कीमत 5,400 रुपये आंकी गई। इसके अलावा अपचारी बालक की जेब से शराब बिक्री की रकम 500 रुपये भी बरामद की गई।
पुलिस ने शराब और बिक्री की रकम जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की। इसके बाद अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक संतोष मरकाम और अर्जुन जांगड़े का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।