
पीड़िता की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने दर्ज किया था मामला, तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अंबिकापुर से आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। शादी का झांसा देकर युवती का लगातार दैहिक शोषण करने के आरोप में तोरवा पुलिस ने एक युवक को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर टीम भेजी और 13 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत जमनीपाली निवासी पीड़िता ने 30 सितंबर 2026 को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि बिलासपुर से रायपुर आने-जाने के दौरान उसकी पहचान सुरेंद्र पटेल से हुई थी। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार दैहिक शोषण किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया।
पुलिस टीम ने अंबिकापुर पहुंचकर गांधी नगर निवासी सुरेंद्र कुमार पटेल को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद 13 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का स्थायी निवास सूरजपुर जिले के रेवटी में बताया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई। इसमें तोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र तिवारी, आरक्षक अजय शर्मा और अखिलेश का योगदान रहा।