बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) क्षेत्र में प्रतिदिन 1500 बिजली कनेक्शन काटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले सहायक अभियंता (एई) और कनिष्ठ अभियंता (जेई) के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बैठक में बताया गया कि बारिश के कारण करीब तीन माह से बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोक दी गई थी। विभाग के अनुसार तीनों जिलों के क्षेत्र में पुराने बिजली बकायादारों की संख्या करीब 80 हजार है। अब बकाया वसूली के लिए अभियान दोबारा तेज किया जाएगा।

सभी एई और जेई को प्रतिदिन की गई कार्रवाई और राजस्व वसूली की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ बकाया राशि की वसूली पर विशेष ध्यान देने कहा गया।

लाइन लॉस और बिलिंग की भी होगी निगरानी

समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली के अलावा लाइन लॉस कम करने, समय पर बिलिंग, बकाया राशि की वसूली, उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निराकरण और स्मार्ट मीटर से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था से संबंधित कार्यों की लगातार समीक्षा करने और लंबित मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया। विभाग का फोकस राजस्व बढ़ाने के साथ बिजली चोरी और लाइन लॉस को कम करने पर भी रहेगा।

बैठक में सीएसपीडीसीएल रायपुर के मुख्य अभियंता (राजस्व) राजेंद्र प्रसाद, अतिरिक्त मुख्य अभियंता बीएल वर्मा, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक एके अंबस्थ, अतिरिक्त मुख्य अभियंता वायके मनहर, अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े, पीएल सिदार, आरके झा, आरके सोनकर, कार्यपालन यंत्री अनुपम सरकार, मिलिंद पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।