बिलासपुर से इंदौर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे एक बड़ी सुविधा देने की तैयारी में है। बिलासपुर-नागपुर और इंदौर-नागपुर के बीच चल रही दो वंदे भारत ट्रेनों को मर्ज कर बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर सीधे वंदे भारत चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अब रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है।
प्रस्ताव के अनुसार मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे रवाना होकर रात 9.05 बजे इंदौर पहुंचेगी। वापसी में इंदौर से सुबह 6.10 बजे चलकर रात 8.25 बजे बिलासपुर पहुंचने का प्रस्ताव है। बिलासपुर से इंदौर की दूरी करीब 1052.78 किलोमीटर होगी और सफर में लगभग 14 घंटे 20 मिनट लगेंगे।
फिलहाल बिलासपुर से नागपुर और फिर नागपुर से इंदौर जाने के लिए अलग-अलग वंदे भारत सेवाओं का इस्तेमाल करना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने पर यात्रियों को नागपुर में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। ट्रेन बिलासपुर से सीधे इंदौर तक जाएगी। इससे इंदौर, उज्जैन और मध्यप्रदेश के अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को छोड़कर छह दिन चलेगी
प्रस्तावित बिलासपुर-इंदौर वंदे भारत शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना है। मौजूदा स्टॉपेज को बरकरार रखने का प्रस्ताव है। खास बात यह है कि नई सेवा के लिए अतिरिक्त रैक की जरूरत नहीं पड़ेगी। नागपुर स्टेशन पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकने का समय भी कम होगा।
बिलासपुर से 6.45 बजे रवाना होगी
प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन सुबह 6.45 बजे बिलासपुर से रवाना होकर करीब 12.30 बजे नागपुर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद 12.35 बजे इंदौर के लिए रवाना होगी और रात 9.05 बजे इंदौर पहुंचेगी। प्रस्तावित औसत गति करीब 73-74 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।
सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर बिलासपुर से इंदौर जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।