बिलासपुर, 20 अगस्त 2026। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर पुलिस परिवार कल्याण चिकित्सालय द्वारा रक्षित केंद्र स्थित चेतना भवन में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ आम नागरिकों ने भी दंत परीक्षण और उपचार का लाभ लिया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित शिविर में क्षेत्रपाल मल्टी-स्पेशियलिटी डेंटल क्लिनिक के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। दंत शल्य चिकित्सक डॉ. आशुतोष क्षेत्रपाल, डॉ. कुमुद सिंह, बाल दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा सिंह ठाकुर और दंत चिकित्सक डॉ. सृष्टि पाण्डेय ने मरीजों की जांच की।
शिविर में कुल 95 लोगों का दंत परीक्षण एवं उपचार किया गया। चिकित्सकों ने दांतों और मसूड़ों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही दांतों की नियमित सफाई, सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित आहार लेने और समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच कराने की सलाह दी गई।
पुलिस परिवार कल्याण चिकित्सालय की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। शिविर में आम नागरिकों को भी शामिल कर स्वास्थ्य सेवा का लाभ पहुंचाया गया।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) मंजूलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्रपाल मल्टी-स्पेशियलिटी डेंटल क्लिनिक एवं विभिन्न फार्मास्युटिकल संस्थानों के चिकित्सा प्रतिनिधियों ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग किया।
बिलासपुर पुलिस ने स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देते हुए लोगों से नियमित स्वास्थ्य एवं दंत जांच कराने की अपील की है।