बिलासपुर। इस मानसून बिलासपुर संभाग में बारिश का दौर लगातार जारी है। बिलासपुर जिले में अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, लेकिन मुंगेली जिले ने बारिश के मामले में बिलासपुर को पीछे छोड़ दिया है। बिलासपुर में अब तक 832.8 मिमी, जबकि मुंगेली में 949.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मुंगेली में सामान्य से करीब 34 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
रविवार को भी जिले के कई इलाकों में बारिश हुई। बिलासपुर शहर में सुबह 1 मिमी और शाम को 7.2 मिमी, यानी कुल 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मुंगेली जिले के लोरमी में करीब 60 मिमी, लालपुर थाना क्षेत्र में 50 मिमी और पंडरिया में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
मानसूनी सिस्टम के असर से हो रही बारिश
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, पटियाला, बरेली, वाराणसी, डाल्टनगंज और जमशेदपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय रही। एक अन्य द्रोणिका बंगाल की खाड़ी से लगे गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई थी। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है।
मानसून की शुरुआत से पहले अलनीनो के प्रभाव के चलते इस बार अपेक्षाकृत कम बारिश की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन मानसून सक्रिय होने के बाद स्थिति बदल गई। पिछले करीब दो महीनों में कई क्षेत्रों में उम्मीद से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
ज्यादा बारिश वाले पांच जिलों में मुंगेली
प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश वाले जिलों में मुंगेली भी शामिल है। मुंगेली में अब तक 949.1 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि इस अवधि तक सामान्य बारिश करीब 706.1 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह यहां सामान्य से करीब 34 प्रतिशत अधिक पानी गिर चुका है।
इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से करीब 49 प्रतिशत, बलरामपुर में 43 प्रतिशत, महासमुंद में 22 प्रतिशत और बलौदाबाजार में 21 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
दो माह में जिले में 68% बारिश पूरी
बिलासपुर जिले में मानसून के करीब दो महीने के दौरान अब तक सामान्य वार्षिक बारिश का लगभग 68 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है। भू-अभिलेख शाखा के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 826.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पूरे वर्ष की सामान्य औसत वर्षा 1215.6 मिमी है। औसत वार्षिक बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए अब करीब 388.9 मिमी बारिश की जरूरत है।
तहसीलवार आंकड़ों में सकरी सबसे आगे है। यहां अब तक करीब 1002.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके मुकाबले रतनपुर तहसील में सबसे कम 683.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। सकरी में सामान्य औसत 1269.7 मिमी के मुकाबले करीब 79 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।
लगातार हो रही बारिश से जिले में मानसून की स्थिति फिलहाल मजबूत बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी मौसमी सिस्टम सक्रिय रहने पर कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।