बिलासपुर। सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं गौसेवा के पावन संकल्प को समर्पित नवनिर्मित बिलासपुर गौ सेवा धाम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।


इस पावन अवसर पर भगवान श्री गिरिराज महाराज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया गया। पूरा गौ सेवा धाम परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।


आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से भजन-कीर्तन में सहभागिता निभाई। इसके पश्चात भगवान श्री गिरिराज जी की भव्य आरती की गई। साथ ही गौ माता का विधिवत पूजन कर उनकी आरती उतारी गई एवं गौ माता को श्रद्धापूर्वक भोग अर्पित किया गया।


पूजा-अर्चना के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को प्रसाद वितरण किया गया। इस पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा, समर्पण और सनातन परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।


गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, गौ माता और सृष्टि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर भी है। बिलासपुर गौ सेवा धाम का यह आयोजन गौसेवा एवं धार्मिक संस्कृति के संरक्षण के संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाला रहा।