बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने इमलीभाठा स्थित बाल भवन से कंप्यूटर उपकरण चोरी के मामले में चंद घंटे के भीतर विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही से करीब 30 हजार रुपए कीमत के चोरी किए गए कंप्यूटर उपकरण बरामद कर लिए हैं।

कतियापारा जूना बिलासपुर निवासी स्वाति गुप्ता ने 12 सितंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह इमलीभाठा स्थित मितवा संस्था के बाल भवन में एक्टिविटी सेंटर संचालित करती हैं। 10 सितंबर की रात 8 बजे से 11 सितंबर की सुबह 9.30 बजे के बीच अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते बाल भवन के अंदर घुसा और एक लेनोवो कंपनी का मॉनिटर, एक एसर कंपनी का मॉनिटर, माउस तथा एक्सटेंशन बॉक्स चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1302/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों में संदेहियों की तलाश शुरू की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक संदेह के दायरे में आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बाल भवन की खिड़की से अंदर प्रवेश कर कंप्यूटर उपकरण चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने बालक के कब्जे और निशानदेही से एक पुराना इस्तेमाल किया हुआ लेनोवो मॉनिटर, एक एसर मॉनिटर, माउस और एक्सटेंशन बॉक्स समेत पूरा चोरी का सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।

कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई। विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।