बिलासपुर। व्यापार विहार मार्ग स्थित एक बैंक के पीछे लगे 11 एसी के आउटर से कॉपर पाइप चोरी करने वाले आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए पाइप की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बैंक कर्मचारी मानस रंजन 4 नवंबर को ड्यूटी के बाद बैंक बंद कर घर चले गए थे। 6 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे जब वे बैंक पहुंचे तो पीछे पार्किंग की तरफ लगे 11 एसी आउटर के कॉपर पाइप गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संजय नगर तालापारा निवासी अभिषेक माथुर उर्फ लिल्ली (19) चोरी के कॉपर पाइप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर कॉपर पाइप बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।