बिलासपुर। शहर में गणेश और दुर्गा उत्सव के दौरान झांकियों के दर्शन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विसर्जन मार्ग में बदलाव किया जाएगा। अगले वर्ष गणेश विसर्जन से झांकियां और प्रतिमाएं रिवर व्यू रोड से निकाली जाएंगी। शुक्रवार को रिवर व्यू ग्राउंड में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में आयोजन समितियों, शांति समिति के सदस्यों और नागरिकों की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। हालांकि, इस वर्ष दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पुराने किला वार्ड मार्ग से ही होगा।
बैठक में शहर की बढ़ती आबादी, यातायात के दबाव और उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नया मार्ग निर्धारित करने पर चर्चा हुई। आयोजन समितियों और नागरिकों ने सहमति जताई कि रिवर व्यू रोड से झांकियां निकलने पर लोगों को परिवार के साथ दर्शन करने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही भीड़ और यातायात प्रबंधन में भी सुविधा होगी।
समितियों की सहमति से बदलेगी व्यवस्था
बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर की उत्सव परंपरा और आपसी सद्भाव को बनाए रखते हुए बदलती जरूरतों के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार जरूरी है। नई व्यवस्था अगले वर्ष गणेश विसर्जन से लागू करने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष दुर्गा विसर्जन नजदीक होने के कारण पुराने मार्ग में बदलाव नहीं किया जाएगा।
सफाई, रोशनी और सुरक्षा पर रहेगा जोर
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने नई व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। रिवर व्यू रोड पर सफाई, रोशनी, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई। इसके लिए आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर व्यवस्था तैयार की जाएगी।