नयापारा, गणेश नगर और तिफरा में चेकिंग के दौरान 6 आरोपी गिरफ्तार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश

बिलासपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के नयापारा, गणेश नगर, तिफरा सहित अन्य चिन्हांकित स्थानों पर चेकिंग के दौरान 6 आरोपियों को पकड़ा। सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले और नशाखोरी में लिप्त लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान बीट आरक्षकों की सूचना और सतत चेकिंग के आधार पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में रंजीत यादव (22), दिनेश कुर्रे (24), दिनेश खरे (35), देवेन्द्र सूर्यवंशी (20), निलेश खरे (20) और कमलेश सूर्यवंशी (21) शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि दिनेश खरे और निलेश खरे अकलतरा थाना क्षेत्र के साजापाली निवासी हैं।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में की गई।

सिरगिट्टी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशाखोरी, अड्डेबाजी या सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी प्रभावी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।