खरकेना और मेड़पार-बाजार के रहने वाले आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद न्यायालय में किया पेश
बिलासपुर। थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए हिर्री पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अड्डेबाजी, नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों की निगरानी के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र के खरकेना, मेड़पार-बाजार, धौराभाठा सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी दौरान उदय राम साहू (52), निवासी खरकेना और अश्वनी कुमार कर्माकर (47), निवासी मेड़पार-बाजार के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए गिरफ्तार किया और आगे की कार्रवाई के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा और हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशाखोरी, अड्डेबाजी या सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।