बिलासपुर। गुरुद्वारा श्री गुरुसिंघ सभा दयालबंद बिलासपुर एवं आयुर्वेदिक न्यूरोथेरेपी एंड रिसर्च सेंटर, कोटा राजस्थान के संयुक्त सहयोग से श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित चार दिवसीय नि:शुल्क विशाल आयुर्वेदिक न्यूरोथेरेपी हेल्थ चेकअप कैंप का सोमवार को शुभारंभ हुआ। 24 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस शिविर की शुरुआत ज्ञानी मान सिंह जी द्वारा अरदास के साथ की गई।
शिविर में आयुर्वेदिक न्यूरोथेरेपी के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रसिद्ध विशेषज्ञ वैद्य मनोज शर्मा, कोटा राजस्थान के नेतृत्व में देशभर से करीब 60 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम बिलासपुर पहुंची है। टीम में पंजाब, ग्वालियर, चेन्नई, आगरा, हिसार, दिल्ली, फिरोजपुर, गोवा, नागपुर, मुंबई, पुणे, कोलकाता, बरेली, जबलपुर, बिलासपुर, रायपुर, भिलाई सहित विभिन्न क्षेत्रों के न्यूरोथेरेपिस्ट शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार शिविर में नसों एवं मांसपेशियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के लिए नि:शुल्क जांच एवं न्यूरोथेरेपी उपचार प्रदान किया जा रहा है। शिविर में स्लिप डिस्क, साइटिका, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, घुटनों का दर्द, एवस्कुलर नेक्रोसिस, फ्रोजन शोल्डर, माइग्रेन, नसों का दर्द एवं पैरालिसिस सहित अनेक समस्याओं के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीयन कराया है।
कार्यक्रम चेयरमैन डॉ. चरणजीत सिंह गंभीर ने बताया कि बिलासपुर के अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी लोग पंजीयन कराकर शिविर का लाभ लेने पहुंचे हैं। बाहर से आने वाले लोगों के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आवास की व्यवस्था की गई है। साथ ही शिविर में आने वाले लोगों के लिए लंगर, चाय-पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
शिविर की प्रमुख संयोजक एवं बिलासपुर की न्यूरोथेरेपिस्ट डॉ. सुष्मिता गुम्बर अपनी टीम के साथ व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रही हैं। कार्यक्रम में समाज एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि गुरुद्वारा श्री गुरुसिंघ सभा दयालबंद द्वारा वर्ष 2019 में भी इसी प्रकार का शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया था। क्षेत्र में पुन: ऐसे शिविर की आवश्यकता को देखते हुए इस वर्ष श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित यह चार दिवसीय नि:शुल्क शिविर आयोजित किया गया है।
शिविर के आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ सुखमनी सर्कल, पंजाबी युवा समिति, आदर्श पंजाबी महिला संस्था, स्त्री सत्संग, अकाल पूरख की फौज, पंजाबी सेवा समिति, अग्रवाल समाज, वाल्मीकि समाज, बोहरा समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य सहयोग कर रहे हैं।