
रतनपुर। ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में न्यू प्रेस एसोसिएसन रतनपुर का दीपावली मिलन समारोह पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हर्षोल्लास, उत्साह और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का माहौल आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द से सराबोर रहा।
समारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने एक-दूसरे को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, सामाजिक जिम्मेदारियों तथा पत्रकारों की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाने और जनहित के मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ उठाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
बैठक में न्यू प्रेस क्लब के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पत्रकारों ने आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। सदस्यों का कहना था कि संगठन की मजबूती तभी संभव है, जब सभी साथी आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एक-दूसरे के सहयोग और सम्मान के साथ आगे बढ़ें।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष यूनुस मेमन ने सभी पत्रकार साथियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि न्यू प्रेस क्लब का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारा, सहयोग और एकजुटता बनाए रखना है। पत्रकारिता के क्षेत्र में सकारात्मक एवं जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है।
समारोह के अंत में अध्यक्ष यूनुस मेमन ने उपस्थित सभी पत्रकार बंधुओं को दीपावली का उपहार भेंटकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश श्रीवास्तव, प्रमोद कश्यप, बुद्धिसागर सोनी, रवि तंबोली, आनंद पाठक, प्रदीप सिंह ठाकुर, दीपक चौरसिया, शेखर बैसवाड़े, विजय साहू, अशोक साहू, मनोज कुमार निषाद, शुभम श्रीवास सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विजय साहू ने किया।