खरना के गुड़-खीर का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, आज 101 लीटर दूध से देंगे सूर्य को अर्घ्य; घाट पर 150 जवान और 150 स्वयंसेवक तैनात

बिलासपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा शहर में बिखरने लगी है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत की। शाम को स्नान और पूजा-अर्चना के बाद गुड़ से बनी खीर और सादी रोटी का प्रसाद तैयार किया गया। भगवान सूर्य को नमन करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही उनका व्रत पूरा होगा। इस दौरान व्रती महिलाएं अन्न और जल दोनों का त्याग करेंगी।

इधर, तोरवा स्थित अरपा तट के छठघाट पर रविवार शाम होने वाले मुख्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए छठ पूजा समिति ने घाट की साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। व्रतियों को नंगे पैर घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रास्तों पर कारपेट बिछाए गए हैं। घाट के किनारे से कंकड़-पत्थर भी हटाए गए हैं, ताकि अर्घ्य देने के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

101 लीटर दूध से देंगे सूर्य को अर्घ्य

कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर रविवार शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके लिए समिति की ओर से 101 लीटर दूध की व्यवस्था की गई है। छठ घाट को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। तिफरा महामाया तालाब, जबड़ापारा सरकंडा, रेलवे क्षेत्र के मरीमाई मंदिर और कोनी में भी छठ पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

9 पार्किंग, 4 प्रवेश द्वार से मिलेगी सुविधा

तोरवा छठघाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए करीब 18 एकड़ क्षेत्र में 9 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चार प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र की ओर से आने वाले पैदल व्रती गेट नंबर-1 से प्रवेश करेंगे। यहां पार्किंग नंबर 5, 6 और 7 की व्यवस्था है। वन विभाग क्षेत्र की ओर से आने वाले श्रद्धालु गेट नंबर-2 से पहुंचेंगे। यहां व्रतियों के लिए वीवीआईपी पार्किंग नंबर 1 और 2 निर्धारित की गई है।

मोपका की ओर से आने वाले श्रद्धालु गेट नंबर-3 से प्रवेश करेंगे। यहां पार्किंग नंबर 3 और 4 की व्यवस्था है। मोपका रोड पर गेट नंबर-4 बनाया गया है। रवि रिसॉर्ट के बगल में खेल मैदान में पार्किंग की सुविधा रहेगी। तोरवा धान मंडी के पास भी पार्किंग नंबर-9 बनाई गई है।

300 जवान और स्वयंसेवक संभालेंगे व्यवस्था

छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 150 पुलिस जवान और 150 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। घाट, पुल, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। समिति के पदाधिकारी 15 वॉकी-टॉकी के माध्यम से पूरे आयोजन की निगरानी करेंगे। नदी में एक बोट और प्रशिक्षित तैराक तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। सामुदायिक भवन के पास करीब आधा एकड़ क्षेत्र में पटाखा जोन भी बनाया गया है।

आज शाम 5.15 बजे अर्घ्य, रात में होगी कोशी पूजा

छठ पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र दास ने बताया कि रविवार शाम व्रती घाट पहुंचकर करीब 5.15 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद घर लौटकर आंगन में कोशी भरने की परंपरा निभाई जाएगी। इसमें मिट्टी के दीपक के चारों ओर 7 या 9 गन्ने सजाकर विधि-विधान से पूजा की जाएगी। देर रात तक व्रती कोशी के चारों ओर बैठकर छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना करेंगे। रात के तीसरे पहर में कोशी का विसर्जन किया जाएगा। सोमवार सुबह करीब 6.14 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

मरीमाई घाट पर 1100 दीपों से सजेगी सूर्य आराधना

छठ महापर्व को लेकर रेलवे क्षेत्र स्थित मरीमाई घाट पर भी विशेष तैयारी की गई है। यहां 1100 दीपों से घाट को सजाने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित कर सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना करेंगे।

स्वच्छता और सेवा का भी पर्व

छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता है। छठ पूजा समिति ने अरपा नदी और घाट की पवित्रता बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं से गंदगी नहीं फैलाने की अपील की है। समिति का कहना है कि छठी मैया की सेवा का सबसे सुंदर स्वरूप अपने घाट, नदी और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना है। पर्व की पवित्रता बनाए रखना सभी शहरवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।