बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप ऑनरेक्स की अवैध बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप, एक कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सरकंडा पुलिस की टीम ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की। इस दौरान काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 85.02 किलोग्राम है।
पूछताछ के दौरान आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप रखने और उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कफ सिरप के साथ कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन बघेल (28), निवासी ग्राम भुंडा थाना कोटा और अमन कुमार चौबे (26), निवासी गनियारी बाजारपारा थाना कोटा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में राजा भोई और नीरज पटेल फरार हैं। दोनों पर गिरफ्तार आरोपियों को बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।