बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 38 नग नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर नशीली सिरप की अवैध बिक्री करने वालों की पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में दुर्गा पंडाल के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान इरफान अली उर्फ बाबू (34 वर्ष), निवासी रमजानी बाबा मजार के पास, तालापारा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशीली सिरप झारसुगुड़ा से बिक्री के लिए लाना बताया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 299/2026, धारा 21सी, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।