उपभोक्ता के बेटे ने कर्मचारियों को धक्का देकर दी गालियां, तारबाहर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया

बिलासपुर। 1.23 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने पहुंची बिजली विभाग की टीम के साथ उपभोक्ता के बेटे ने विवाद करते हुए झूमाझटकी की। आरोप है कि उसने कर्मचारियों को धक्का दिया और अश्लील गालियां देकर कनेक्शन काटने से रोक दिया। सहायक अभियंता की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।

सीएसपीडीसीएल लिंक रोड जोन के सहायक अभियंता रवि ध्रुव ने पुलिस को बताया कि विनोबा नगर निवासी उपभोक्ता पूनम द्विवेदी पर बिजली बिल के 1.23 लाख रुपए बकाया हैं। विभाग की ओर से नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया था। इसके बाद मंगलवार को बिजली विभाग की टीम कनेक्शन काटने पहुंची थी।

टीम के कर्मचारी बिजली के पोल पर सीढ़ी लगाकर लाइन विच्छेदन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उपभोक्ता के बेटे नितिन द्विवेदी ने विवाद शुरू कर दिया। उसने सीढ़ी और कर्मचारियों को धक्का दिया तथा अश्लील गालियां देकर कनेक्शन काटने से रोक दिया।

सहायक अभियंता रवि ध्रुव की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।