
मंगला के पार्क में मिलीं दोनों नाबालिग बच्चियां, रास्ता भटकने के कारण घर नहीं पहुंच पाई थीं
बिलासपुर। घर से बिना बताए निकलीं दो नाबालिग सगी बहनों को सकरी पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर तलाश कर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चियों के अचानक लापता होने से परिजन अनहोनी की आशंका में परेशान थे। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। ऐसे में बच्चियों के सुरक्षित मिलने की खबर से परिवार में खुशी लौट आई। परिजनों ने सकरी पुलिस का आभार जताया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को दोनों बच्चियां घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। शाम और रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बच्चियों के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका और अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका को देखते हुए उनकी मां ने सकरी थाने में सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बच्चियों को जल्द से जल्द खोजने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सघन पतासाजी करते हुए परिजनों के सहयोग से दोनों बच्चियों को मंगला स्थित एक पार्क से बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घूमने के दौरान वे रास्ता भटक गई थीं, जिसके कारण घर नहीं पहुंच पाईं। दोनों के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की तत्परता से मां और परिवार की चिंता खुशी में बदल गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सिंदे, उप निरीक्षक गणेशराम महिलांगे, प्रधान आरक्षक अर्चना साहू, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलराज सिंह, प्रधान आरक्षक मालती तिवारी, आरक्षक मनोज बघेल और पवन बंजारे सहित सकरी पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।