
दो दिन पहले पत्नी के साथ घर पहुंचकर पिता और बहन को दी थी हत्या की धमकी, लोहे के हथियार से हमला करने के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग
बिलासपुर। जमीन के महज 10 डिसमिल हिस्से के विवाद में एक बेटे ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने 76 वर्षीय पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोपी ने पहले लोहे के हथियार से पिता पर हमला किया और फिर उनके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग जान बचाने के लिए घर में इधर-उधर भागते रहे। बेटी ने किसी तरह पानी डालकर आग बुझाई और ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग करीब 90 फीसदी झुलस चुके हैं। घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है।
ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट के पास 30 डिसमिल जमीन है। इसका तीन बराबर हिस्सों में बंटवारा होना था। 10 डिसमिल जमीन विश्राम के पास रखनी थी, जबकि शेष 20 डिसमिल में से 10-10 डिसमिल बेटे आशाराम और बेटी दुरपति बाई को मिलना था। इसी बंटवारे को लेकर आशाराम लंबे समय से नाराज था। वह आए दिन पिता के पास पहुंचकर अपने हिस्से की जमीन मांगता और विवाद करता था। बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे भी वह पिता के घर पहुंचा। उस समय विश्राम घर में अकेले थे। बेटी दुरपति पड़ोस में गई थी और दामाद गंगा प्रसाद काम से बाहर था। पोती सीमा (9) ने मां को मामा के आने की जानकारी दी। दुरपति घर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपने पिता पर हमला कर उनके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा चुका था।
बेटी ने घर के बाहर निकलकर देखा तो पिता आग की लपटों से घिरे हुए थे। वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। दुरपति ने तत्काल घर से पानी लाकर आग बुझाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सिम्स पहुंचाया गया। सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह के मुताबिक विश्राम करीब 90 फीसदी झुलस चुके हैं और उनकी हालत गंभीर है।
पत्नी की मौत के बाद बेटी-दामाद बने थे सहारा
विश्राम के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी और एक बेटे परसु की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा पिछले 15 साल से लापता है। बड़ा बेटा आशाराम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रहता था। उम्र अधिक होने के कारण विश्राम ने बेटी दुरपति बाई और दामाद गंगा प्रसाद को अपने साथ रखा था। जमीन बंटवारे को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा था। करीब दो साल पहले भी विश्राम ने बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। दामाद गंगा प्रसाद के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले आशाराम अपनी पत्नी के साथ घर पहुंचा था और पिता व बहन की हत्या करने की धमकी देकर गया था।
बेटी के बयान पर हत्या के प्रयास का मामला
घटना की सूचना मिलने पर सीपत पुलिस सिम्स पहुंची। बुजुर्ग की गंभीर हालत के कारण उनका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस ने बेटी दुरपति बाई के बयान के आधार पर आरोपी आशाराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।
— राजेश मिश्रा, टीआई सीपत