
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के वैशाली अपार्टमेंट में मारपीट, गाली-गलौज और चाकूबाजी के मामले में फरार चल रहे 22 वर्षीय आरोपी को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गुलशन हण्डलेश्कर, पिता राजेन्द्र हण्डलेश्कर, निवासी एनी कॉलोनी, तोरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को वैशाली अपार्टमेंट में कुछ युवकों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के साथ धारदार चाकू लेकर विवाद करने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद तोरवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल वरुण और अमन हठगेन को 30 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
इसी मामले से जुड़े एक अन्य प्रकरण में गुलशन हण्डलेश्कर फरार चल रहा था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना और पतासाजी के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तारबहार थाने के मामले में भी था फरार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना तारबहार में भी अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज है। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज था और वह फरार चल रहा था। तारबहार थाने के प्रकरण में भी उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई है।
तोरवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 465/2026 में धारा 296, 351(3), 191(2), 191(3) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट तथा अपराध क्रमांक 469/2026 में धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी के प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की भी लगातार तलाश और पतासाजी की जा रही है।