भरनी कैंप के पुराने केंद्रीय विद्यालय परिसर की झाड़ियों में पेड़ से लटका मिला शव; नशे में विवाद के बाद घर से निकलने की बात, सकरी पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जवान का शव कैंप परिसर के पुराने केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र की झाड़ियों में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान आरक्षक जयप्रकाश गहिर (33) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम खरबहाली, थाना बेलपड़ा का रहने वाला था और पिछले 15 साल से अधिक समय से सीआरपीएफ में सेवाएं दे रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी। सीआरपीएफ में पदस्थ मनोज कुमार गहिर ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नशे की हालत में घर से निकलने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि जयप्रकाश नशे की हालत में था। घर में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह बाहर निकल गया था। इसके बाद वह कैंप के सुनसान हिस्से में पहुंच गया। कुछ समय बाद उसका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला।
हालांकि जवान ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पिता और भाई पहुंचे बिलासपुर
घटना की जानकारी मिलने के बाद जयप्रकाश के पिता और भाई बिलासपुर पहुंचे। पुलिस ने शव का सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद सीआरपीएफ की ओर से जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आरक्षक जयप्रकाश गहिर ने सीआरपीएफ में 15 वर्ष से अधिक समय तक सेवा दी थी। जवान की मौत की खबर से कैंप में शोक का माहौल रहा।