सकरी थाना क्षेत्र का मामला, 72 वर्षीय बिल्डर ने एसएसपी से की शिकायत; सीसीटीवी फुटेज सौंपकर सुरक्षा की मांग

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के परसदा में पूर्व सरपंच पर बिल्डर का रास्ता रोककर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और रुपए मांगने का आरोप लगा है। पीड़ित बिल्डर का आरोप है कि पूर्व सरपंच ने राजनीतिक रसूख का हवाला देते हुए उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में दलदलिया रोड निवासी 72 वर्षीय बिल्डर लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ सुरक्षा की मांग की है।

स्कूटी रोककर रास्ता रोकने का आरोप

लक्ष्मीनारायण गुप्ता के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे वे परसदा स्थित अपने निर्माणाधीन स्थल पर काम देखने जा रहे थे। इसी दौरान कोटा मुख्य मार्ग पर पूर्व सरपंच संतराम लहरे ने अपनी स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 10 एएक्स 7297 सड़क पर अड़ाकर उनकी स्कूटी रोक ली।

पीड़ित का आरोप है कि वाहन रोकने के बाद पूर्व सरपंच ने उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की तथा रुपए की मांग की। इस घटना से बुजुर्ग बिल्डर काफी भयभीत हो गए।

निर्माण स्थल पर बेटे को तलाशने पहुंचा

गुप्ता का आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद करीब 10:26 बजे संतराम लहरे उनके निर्माण स्थल पर भी पहुंचा। वहां उसने उनके बेटे अंबरीश गुप्ता के बारे में पूछताछ की और उसे तलाशने की कोशिश की। करीब सात मिनट तक निर्माण स्थल पर रहने के बाद वह वहां से चला गया।

इस दौरान पूर्व सरपंच की गतिविधियां निर्माण स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। पीड़ित के मुताबिक, उस समय उनका बेटा मौके पर मौजूद नहीं था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य सुरक्षित किए।

भाजपा संगठन और राजनीतिक रसूख की धौंस देने का आरोप

बिल्डर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जब उन्होंने 22 जुलाई को की गई शिकायत का हवाला दिया, तो संतराम लहरे ने अपनी पत्नी के भाजपा संगठन से जुड़े होने और वाहन पर भाजपा लिखा होने की बात कहते हुए खुद को ‘डबल पावर’ वाला बताया।

पीड़ित का आरोप है कि इसी राजनीतिक प्रभाव की धौंस दिखाकर उन्हें और उनके बेटे को धमकाया गया। घटना के बाद से परिवार भयभीत है।

एसएसपी कार्यालय में सौंपे साक्ष्य, सुरक्षा की मांग

घटना से परेशान 72 वर्षीय बिल्डर ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। उन्होंने शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य भी सौंपे हैं। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और खुद तथा अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।