बिलासपुर। क्रेडिट कार्ड पर चल रहे इंश्योरेंस प्लान को बंद कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 49 हजार 50 रुपये की ठगी कर ली। ठग ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड के मुंबई स्थित हेड ऑफिस का प्रतिनिधि बताया और पीड़ित के मोबाइल पर बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसा दिखने वाला फिशिंग लिंक भेजा। लिंक खोलकर प्रक्रिया पूरी करते ही क्रेडिट कार्ड से दो किस्तों में रकम कट गई।
जूना बिलासपुर के उदय चौक कतियापारा निवासी प्रकाश चंद्र दुबे के मोबाइल पर 5 सितंबर की दोपहर करीब सवा दो बजे अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड के मुंबई हेड ऑफिस का अधिकारी बताया। उसने कहा कि पीड़ित के क्रेडिट कार्ड पर 3500 रुपये का इंश्योरेंस प्लान सक्रिय है और इसे बंद कराया जा सकता है।
इसके बाद ठग ने उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उसे खोलकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने को कहा। लिंक देखने में एसबीआई के आधिकारिक पोर्टल जैसा ही नजर आ रहा था। पीड़ित ने जैसे ही लिंक खोलकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई, उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति दो अलग-अलग लेनदेन में कुल 49 हजार 50 रुपये कट गए। ट्रांजेक्शन की जानकारी खंगालने पर रकम स्विगी के खाते में ट्रांसफर होने का पता चला।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।