बिलासपुर। प्रहार अभियान के तहत कोनी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,100 रुपए नगद, 52 पत्ती ताश और बोरा-फट्टी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाओं और जुआ गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान ‘प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही थी।

एसबीआई बैंक के पीछे चल रही थी जुए की फड़

21 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एसबीआई बैंक कोनी के पीछे बिजली की रोशनी में कुछ लोग ताश पत्ती से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर कोनी पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। पुलिस ने मौके से सात लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।

पुलिस ने आरोपियों के पास से जुए की फड़ पर रखी रकम और उनके पास मौजूद नगदी को मिलाकर कुल 12,100 रुपए बरामद किए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश और एक बोरा-फट्टी भी जब्त की गई।

ये आरोपी पकड़े गए

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दीनू भारती (30), गोलू भोई उर्फ विवेक (32), राज गढ़ेवाल उर्फ बिट्टू (23), मोहित अग्रवाल (24), आर्यन घृतलहरे (21), रिंकू कुमार (30) और सचिन सूर्यवंशी (26) शामिल हैं। सभी बिलासपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक जीतेन्द्र गुप्ता, सउनि राजेश धार दीवान, आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले, अजय सोनी और विजेंद्र सिंह का सराहनीय योगदान रहा।