बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के देवनगर स्थित श्मशान घाट में जलती चिता से छेड़छाड़ और तंत्र-मंत्र साधना करने के संदेह में अघोरी बाबा की जमकर पिटाई कर दी गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल बाबा को सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को कोनी निवासी अनीता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया। चिता जलने के बाद परिजन घर लौट गए। देर रात कुछ परिजन दोबारा श्मशान घाट पहुंचे तो वहां शिवराम बाबा, एक बुजुर्ग और दो युवक मौजूद मिले। बताया जा रहा है कि परिजनों को देखकर दोनों युवक वहां से भाग निकले, जबकि बाबा और बुजुर्ग पकड़ में आ गए।

परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवराम बाबा महिला की जलती चिता के पास तंत्र-मंत्र की साधना कर रहा था। उनका यह भी कहना है कि मृतका का सिर और कुछ हड्डियां गायब हैं। एक बुजुर्ग ने बताया कि वह शराब लेकर आया था और बाबा मंत्र पढ़ते हुए शराब की बूंदें चिता पर डाल रहा था। हालांकि, चिता से छेड़छाड़ और अवशेष गायब होने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस घटना के बाद मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव और उसके करीबी लोगों ने शिवराम बाबा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

इधर, कोनी पुलिस ने मारपीट की घटना में उमेश सिंह ठाकुर (32), राजा यादव (26) और नितेश यादव (23), निवासी दैहानपारा छोटी कोनी के खिलाफ अपराध क्रमांक 601/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया है। घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।