बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह स्थित कंपोजिट शराब दुकान में नकाबपोश चोर ने छत की चादर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से 28,960 रुपए कीमत की 17 महंगी शराब की बोतलें ले गया। वारदात से पहले उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर निगरानी व्यवस्था को बंद कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पचपेड़ी निवासी और शराब दुकान के सुपरवाइजर शिव मधुकर ने पुलिस को बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। अगले दिन 3 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर लॉकर रूम में लगा सीसीटीवी मॉनिटर बंद मिला।

मेन स्विच और रिकॉर्डिंग डिवाइस के तार काटे

कर्मचारियों ने जांच की तो सीसीटीवी सिस्टम के रिसीवर का मेन स्विच, रिकॉर्डिंग डिवाइस और माउस के तार कटे मिले। इसके बाद कर्मचारियों ने तार जोड़कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 2:13 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान के रूम नंबर-3 की छत की चादर हटाकर अंदर घुसता दिखाई दिया।

काउंटर और लॉकर खंगालने के बाद काटे कैमरों के कनेक्शन

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर ने अंदर घुसने के बाद पहले काउंटर और लॉकर की दराजों को खंगाला। इसके बाद उसने सीसीटीवी कैमरों का कनेक्शन काट दिया, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि इससे पहले की रिकॉर्डिंग में उसकी तस्वीर कैद हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आबकारी सर्कल प्रभारी की मौजूदगी में दुकान के स्टॉक का मिलान कराया गया। स्टॉक जांच में 17 महंगी शराब की बोतलें गायब मिलीं, जिनकी कुल कीमत 28,960 रुपए बताई गई है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश चोर की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है।