बिलासपुर। स्कूटी तेज गति से चलाने पर टोकना एक युवक को भारी पड़ गया। विवाद के बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने धारदार वस्तु से हमला कर दिया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, टिकरापारा निवासी आयुष शर्मा (26) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे वह अपने घर के पास मोहल्ले में टहल रहा था। इसी दौरान अंकित गोयल अपने साथियों के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा। तेज गति से वाहन चलाने पर आयुष ने उसे ठीक से गाड़ी चलाने की समझाइश दी। इस बात पर आरोपियों ने स्कूटी रोककर उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। आरोप है कि अंकित गोयल ने धारदार वस्तु से हमला किया, जबकि उसके साथियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। घटना में आयुष की पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर जगमल चौक, सीताराम मंदिर के पास रहने वाले अनमोल हंस (23) और समीर निहाल (22) को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी अंकित गोयल घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।