
बिलासपुर। बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के विस्तार की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट पर 2880 मीटर लंबे रनवे और नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर के निर्माण का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है। प्रस्ताव में रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ और एटीसी सेंटर के लिए 41 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। हालांकि, शासन से फिलहाल बाउंड्रीवॉल और पेरिफेरी रोड निर्माण की ही मंजूरी मिली है।
वर्तमान में एयरपोर्ट का रनवे 1498 मीटर लंबा है। प्रस्ताव के अनुसार इसे बढ़ाकर 2880 मीटर किया जाना है। इसके लिए 1382 मीटर अतिरिक्त रनवे का निर्माण करना होगा। साथ ही रनवे की चौड़ाई भी मौजूदा 30 मीटर से बढ़ाकर 45 मीटर करने की योजना है। सेना से जमीन मिलने के बाद रनवे विस्तार को एयरपोर्ट प्रबंधन की प्रमुख प्राथमिकता माना जा रहा है।
दो से तीन साल लग सकता है पूरा होने में
विशेषज्ञों के मुताबिक शासन से स्वीकृति, निविदा और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रनवे विस्तार का काम शुरू होने में करीब छह महीने लग सकते हैं। इसके बाद निर्माण पूरा होने में दो से तीन साल तक का समय लगने का अनुमान है। हालांकि, विशेषज्ञों ने तत्काल सुविधा बढ़ाने के विकल्प के तौर पर रनवे को पहले चरण में 400 से 450 मीटर तक बढ़ाने का सुझाव भी दिया है। इससे एयरपोर्ट चार-सी श्रेणी की सीमा के करीब पहुंच सकता है।
जगदलपुर और अंबिकापुर से भी छोटा है मौजूदा रनवे
हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के अनुसार बिलासपुर एयरपोर्ट वर्तमान में तीन-सी मानकों को भी पूरी तरह पूरा नहीं करता है। जगदलपुर एयरपोर्ट का रनवे करीब 1700 मीटर और अंबिकापुर एयरपोर्ट का रनवे 1800 मीटर लंबा है। बिलासपुर में रनवे की लंबाई 1800 मीटर होने पर वह इन एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे मानकों के बराबर पहुंच सकेगा।
रनवे विस्तार प्राथमिकता में
जिला पंचायत बिलासपुर के सीईओ संदीप अग्रवाल ने बताया कि रनवे विस्तार प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। इसी उद्देश्य से रनवे और एटीसी सेंटर निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। फिलहाल पेरिफेरी रोड और बाउंड्रीवॉल निर्माण से जुड़े दोनों कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।